नवदम्पति विजय देवरकोण्डा और रश्मिका मंदाना की आगामी फिल्म रणबाली को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। उनके विवाह के दो दिन बाद ही इस फिल्म का पोस्टर भी जारी किया गया। उनके विवाह की तस्वीरों में जहां शिव पार्वती की दिव्य झलक दिखी वहीं रणबाली के पोस्टर ने उस गुज़रे जमाने की याद दिलाई जब लोग कैमरे के सामने अपनी स्वाभाविक भाव भंगिमा के साथ प्रस्तुत होते थे।
.
रणबाली की पृष्ठभूमि में अट्ठारहवीं सदी का रायलसीमा है। रायलसीमा के अन्तर्गत आन्ध्रप्रदेश के अनन्तपुर, कुरनूल, कड़प और चित्तूर जिले आते हैं। विजयनगर साम्राज्य में राजा की पदवी को राय अथवा रायलु कहा जाता था। बहुमूल्य रत्नों और नगीनों का स्रोत होने के कारण रायलसीमा को रत्नलसीमा भी कहा जाता है।
.
रणबाली को बन्दी नारायण द्वारा लिखित तेलुगु उपन्यास शप्तभूमि से भी जोड़कर देखा जा रहा है जिसे 2019 में साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला था। इस उपन्यास की पृष्ठभूमि में भी अट्ठारहवीं सदी का रायलसीमा है जो सूखे, अकाल और पालेगालों के आपसी संघर्ष की गंभीर विभीषिका से जूझ रहा था।
.
सिंगनमला बोब्बिली रणबाली एक काल्पनिक पात्र है जिसे रायलसीमा के पालेगाल उय्यालवाड़ नरसिम्हा रेड्डी और गड़ेकल बोब्बिली नागिरेड्डी जैसे स्वातंत्र्यवीरों की प्रेरणा से गढ़ा गया है। ब्रिटिश अधिकारी सर थियोडोर हेक्टर का पात्र ऐतिहासिक चरित्र सर रिचर्ड टेम्पल से प्रेरित है।
.
हिन्दी भाषियों के लिए रायलसीमा आंध्रप्रदेश का एक भूभाग मात्र है किंतु तेलुगु भाषियों के लिए रायलसीमा के मायने इससे कहीं अधिक हैं क्योंकि वे रायलसीमा के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहलु से भी परिचित हैं। इसलिए गैर तेलुगु दर्शक और तेलुगु दर्शक के रूप में इस फिल्म से जुड़ने की अनुभूति निस्संदेह भिन्न भिन्न होगी।
.
तेलुगु की सर्वप्रथम लिपि रायलसीमा के कड़प जिले में प्राप्त हुई थी। रायलसीमा की तेलुगु तमिळ के निकट है और तटीय आंधप्रदेश में प्रचलित उस तेलुगु से बहुत भिन्न है जिस पर संस्कृत का गहरा प्रभाव है।
Recent Comments