
.
2026 के चुनाव में जीत का सेहरा तमिळ सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता सी जोसेफ विजय के सिर पर बंधा है। अपने प्रशंसकों के बीच “तलपति” के नाम से प्रसिद्ध उनके राजनीतिक दल तमिळगा वेट्रि कड़गम ने 108 सीटों पर जीत हासिल की है।
.
लगभग सभी हिन्दी समाचार पत्र तलपति विजय को “थलापति” विजय संबोधित करते हैं और आगे भी करते रहेंगे क्योंकि तमिळ शब्दों के संस्कृत उद्गम पर शोध करने का अवकाश उनके सुधी संपादकों के पास नहीं है। वे इसके बजाय तमिळ शब्दों की अंग्रेजी वर्तनी से निर्धारित विकृत उच्चारण से संतोष कर लेते हैं।
.
तलपति वास्तव में संस्कृत के दलपति से ही उद्भूत है जिसका अर्थ होता है सेनानायक। तमिळ सिनेमा के रसिक अपने प्रिय अभिनेताओं को ताला, तलैवा या तलपति नाम से बुलाते रहे हैं। विजय के अतिरिक्त रजनीकांत, कमल हासन और अजित को भी इसी तरह संबोधित किया जाता रहा है।
.
विजय की सफलता इस मायने में भी महत्त्वपूर्ण है कि उनसे कहीं अधिक लोकप्रिय अभिनेता रजनीकांत और उनसे कहीं अधिक प्रतिभाशाली और सुप्रसिद्ध अभिनेता कमल हासन भी तमिळ राजनीति में अपना भाग्य आजमा चुके हैं किंतु उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। विजय की सफलता मानों एम जी रामचंद्रन और जयललिता के लोकप्रिय दौर का संकेत देती प्रतीत होती है। विजय ने एम जी रामचंद्रन और जयललिता की विरासत को नये रूप में ढालकर तमिळनाड की राजनीति में प्रस्तुत किया है।
.
विजय की राजनीतिक सफलता दो दशकों में परत दर पर गढ़ी गयी उस सिनेमाई छवि की देन है जो कामगारों, छात्रों, कृषकों और नई पीढ़ी के मतदाताओं को आकर्षित करती है। उनके चलचित्रों ने उन्हें आम आदमी की आवाज़ बनाकर प्रस्तुत किया जिसकी जड़ें तमिळनाड की सिने राजनीतिक परिपाटी में गहरे तक जमी हैं। विजय राजनीति में कदम रखने से पहले ही राजनीति का अभ्यास पारंपरिक राजनीतिक अभियानों के बजाय अपने धांसू संवाद, विरोध गीत, लाक्षणिक छवियों और भावावेश से भरे किरदारों के जरिए कर चुके थे।
Recent Comments