नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित और नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित “रामायण” प्रदर्शित हो चुकी है। हाल ही में फिल्म के प्रचार के दौरान साई पल्लवी ने कहा “Ravana is not all bad. It is important that we spot the Ravana in us and we make changes overtime” अर्थात् रावण पूर्णतया बुरा नहीं है और हमें अपने भीतर के रावण को पहचानकर समय के साथ बदलना चाहिए।
.
साई पल्लवी का वक्तव्य दार्शनिक, विश्लेषणात्मक किंतु बहुश्रुत है। दशहरे के अवसर पर प्रति वर्ष दिए जाने वाले भाषणों में बहुधा दोहराया जाता है कि हमें अपने भीतर के रावण का दहन करना चाहिए। हालांकि यह बात सीता बनी अभिनेत्री के बजाय रावण बने अभिनेता के मुख से सुनने को मिलती तो अधिक स्वीकार्य होता क्योंकि रावण के चरित्र का निर्वहन और उसे आत्मसात् करने का प्रयास तो उसने ही किया है।
.
अस्तु, रामायण की सीता मिथिला से थी जबकि साई पल्लवी तमिळनाड से हैं और ऊटी के समीप कोतगिरि के आदिवासी बडुगा समुदाय से संबंध रखती हैं। इसमें संशय है कि राजनीतिक औचित्य के अतिरिक्त तमिळ होने के नाते उनके अवचेतन में जो पूर्वग्रह हो सकते हैं उनसे रामायण बच पाई होगी।
.
राम आक्रान्ता आर्य थे और रावण देशज द्रविड़, इस धारणा के चलते तमिळ रावण को अपना हितैषी मानते हैं और रावण के प्रति उदार दृष्टिकोण रखते हैं। दशहरे पर तमिळनाड में रावणदहन नहीं होता बल्कि आयुध पूजा और सरस्वती पूजा होती है। दुर्भाग्यवश तमिळनाड उस राजनीतिक दौर का साक्षी भी रहा है जब पेरियार के प्रभाव में कई बार भगवान राम को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और रावण का गुणगान हुआ।
.
वाल्मीकि रामायण भले ही मूलत: संस्कृत में रची गयी हो किंतु स्थानीय भाषाओं में रूपान्तरित होकर ही वह जनसाधारण में लोकप्रिय हुई। इसलिए उत्तर भारत में जहां तुलसीदास की रामचरितमानस का पाठ होता है, वहीं तमिळनाड में कम्ब रामायण का पारायण होता है। कंबन का रावण कोई वासनाग्रसित हिंसालु खलनायक मात्र नहीं था। वह पराक्रमी योद्धा भी था जो दुर्भाग्य से सीता से मिलने से पहले ही उसे अपना हृदय दे चुका था।
.
सेवियिन नल उरै सेन्ड्रिड मुम्मैयिन,
कवियिन नेंजिनिल कामुरु वेटकैयान
पुवियिन नंगै पुगुन्दनल पोर्प उडैत्त
तविसिन मेल इरुन्दाल तवम सेयदाल
.
अर्थात्
.
शूर्पणखा के शब्द रावण के कानों में पड़ते ही, सीता काममोहित रावण के हृदय के स्वर्णिम सिंहासन पर विराजमान होकर तप करने लगी।
.
रावण के वध पर विलाप करती हुई मंदोदरी का उपालंभ भी सीता के लिए रावण के गहरे प्रेम को ही उजागर करता है:
.
वेल एरक्क्यं सडैमुडियान वेर्प एडुत्त तिरुमेनि मेलुम कीड़ुम
एल इरुक्कुम इडनिन्ड्रि उयिर इरुक्कुम इडन्नाडी इड़ैत्तवारो ?
कल इरुक्कुम मलर्क्कून्तल सानकियै मनम सिरैयिल करन्द कादल
उल्लिरुक्कुम एनक्करुदि उडल पुकुन्द तडवियत्तो ओरुवन वाली ?
.
अर्थात्
.
क्या इसलिए राम ने तुम्हें पूरी तरह बाणों से बींध डाला है ताकि आक पुष्पों से सज्जित जटाधारी शिव के कैलास पर्वत को उठाने वाले तुम्हारे दिव्य शरीर में प्राणों के छिपने के लिए अथवा तुम्हारे मन में कैद पुष्पसज्जित कुंतल वाली सीता को छिपाने के लिए तिल भर जगह भी नहीं मिले।
.
2025 में चेन्नै कम्बन विड़ा में कम्बर पुरस्कार से सम्मानित होने पर तमिळ गीतकार वैरमुत्तु ने कम्ब रामायण के वालि वधै पाडलम् की इन पंक्तियों को उद्धृत करते हुए राम के उपहास की कुचेष्टा की थी:
.
तक्क इन्न तकातन इन्न एन्ड्र
ओक्क उन्नलर आयिन उयरन्दुल
मक्कल आम अवर आतलिन वैयकत्त
इक्कन मम्मर नेंजिनेन यान इद सूरिनेन
.
अर्थात्
.
जिनका मन तीव्र आग्रह या शोक से ग्रस्त होता है उनका चित्त निर्मल होने पर भी वे उचित अनुचित का निर्णय करने में असमर्थ होते हैं।
.
2010 में रामायण का बिम्ब भाव लेकर बनाई गयी मणिरत्नम की तमिळ फिल्म रावन में भी रावण के कृत्यों को न्यायसंगत और सहानुभूतिजन्य दिखाया गया था।
.
साई पल्लवी का मुखर राजनीतिक औचित्य न केवल उनके सिनेमाई किरदार के लिए विरोधाभास उत्पन्न करता है अपितु उस चरित्र से जुड़ी जनभावनाओं को भी आहत करता है। उनका यह रवैया सिर्फ रामायण तक सीमित है, ऐसा नहीं है। अपनी एक पिछली तमिळ फिल्म “अमरन” के प्रचार के दौरान भी साई पल्लवी का “सेना निरपेक्ष” वक्तव्य विवादों में आ गया था जबकि वे एक बलिदानी सैनिक की पत्नी की भूमिका निभा रही थी। रावण के प्रति उनकी अनपेक्षित सहानुभूति से शंका होती है कि सीता का रूप धरकर दर्शकों को रिझाने का प्रयास करने वाली नायिका कहीं वास्तव में शूर्पणखा ही तो नहीं है? रही रामायण की बात, तो सिनेमा चाहे राम का गुणगान करे या रावण का, रामायण के आदर्श युगों युगों तक समय की कसौटी पर कसे जाते ही रहेंगे।
Recent Comments